भिटौली, महराजगंज। चाय की दुकान पर सिगरेट के पैसे मांगना दुकानदार को भारी पड़ गया। आरोप है कि पैसे मांगने से नाराज दो युवकों ने दुकानदार के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और उसका मोबाइल पटककर तोड़ दिया। पीड़ित की तहरीर पर भिटौली पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के अमरुतियां निवासी विपिन अगया में चाय-पानी की दुकान चलाते हैं। बीते 4 अक्टूबर को शाम करीब चार बजे भिटौली निवासी संतोष यादव और भिटौली के टोला मटियाडीह निवासी टुनटुन उनकी दुकान पर पहुंचे और सिगरेट ली।
आरोप है कि जब विपिन ने सिगरेट के पैसे मांगे तो दोनों युवक भड़क गए और उन्हें गाली देने लगे। दुकानदार ने विरोध किया तो दोनों ने लात-घूंसों और घुटने से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनका मोबाइल भी पटककर तोड़ दिया गया। घटना में दुकानदार को चोटें आईं। आरोप है कि मारपीट के बाद दोनों युवक जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
तहरीर के आधार पर पुलिस की कार्रवाई
घटना के संबंध में पीड़ित ने भिटौली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने संतोष यादव और टुनटुन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस जांच कर रही है।
