जन प्रहरी न्यूज़
परतावल। वृहस्पतिवार को श्यामदेउरवां थाना परिसर में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में मैरिज हाल एवं डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनज़र रात्रि 10 बजे के बाद डीजे न बजाने के सख्त निर्देश दिए गए।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि वर्तमान में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं संचालित हो रही हैं। छात्र-छात्राएं अपने भविष्य को संवारने के लिए दिन-रात तैयारी में जुटे हैं। ऐसे समय में तेज ध्वनि में डीजे बजने से उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि रात्रि 10 बजे के बाद यदि किसी भी मैरिज हाल या कार्यक्रम स्थल पर डीजे बजता पाया गया तो संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान उपस्थित डीजे संचालकों को लिखित नोटिस भी जारी किया गया।
थानाध्यक्ष ने सभी संचालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
