परतावल /महराजगंज। समरसता संकल्प अभियान के तहत संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर ग्राम सभा अहिरौली और ग्राम सभा पिपरा खादर में भव्य कलश वंदन यात्रा निकाली गई। यात्रा के उपरांत जनजागरण कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को संत रविदास के विचारों, सामाजिक समरसता और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कलश वंदन यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा सहित भाजपा के कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा ने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज को समानता, भाईचारे और आपसी प्रेम का संदेश दिया। उनका प्रसिद्ध भाव “मन चंगा तो कठौती में गंगा” आज भी समाज को सकारात्मक सोच और आंतरिक शुद्धता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचार सामाजिक समरसता और एकजुटता की मजबूत नींव हैं। उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर ही समाज को मजबूत बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने संत रविदास महाराज के जीवन और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए लोगों से उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ग्रामीणों की भारी भागीदारी ने आयोजन को भव्य बना दिया।
