महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के बांसपार नूतन ग्रामसभा स्थित पंचायत सचिवालय में गुरुवार की रात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी होने पर ग्राम पंचायत में हड़कंप मच गया। ग्राम प्रधान शेषमणि गौतम ने भिटौली थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम प्रधान के अनुसार, चोर पंचायत सहायक के कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखा डेस्कटॉप कंप्यूटर, मॉनिटर, सीपीयू, की-बोर्ड, माउस, प्रिंटर, फिंगर मशीन, इन्वर्टर, बैटरी, लैपटॉप, वाई-फाई उपकरण समेत अन्य तकनीकी सामान उठा ले गए।
सुबह पंचायत सचिवालय पहुंचने पर कमरे का ताला टूटा मिला और अंदर रखा सामान गायब था। इसके बाद ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी और लिखित तहरीर देकर चोरी गए सामान की बरामदगी तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने के बाद भिटौली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पंचायत सचिवालय जैसे सरकारी भवन में चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना है कि पुलिस कब तक चोरी का खुलासा कर सामान बरामद करती है।
