परतावल/महराजगंज:आनन्द कुमार पाण्डेय
श्यामदेउरवा क्षेत्र स्थित श्रीमती गिरिजा देवी इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रांगण में शनिवार को कक्षा 10वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं का भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख आनन्द शंकर वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जिला जज कुशीनगर बी.के. पाण्डेय ने विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्रबंधक मनोज पाण्डेय ने की।
समारोह के दौरान एक विशेष संयोग भी देखने को मिला, जब कार्यक्रम के बीच ही ब्लॉक प्रमुख आनन्द शंकर वर्मा का जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर उन्होंने केक काटा, जिससे पूरा माहौल उल्लास और उत्साह से भर गया। छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गूंज के साथ उन्हें शुभकामनाएं दीं।
अपने प्रेरक उद्बोधन में ब्लॉक प्रमुख आनन्द शंकर वर्मा ने विद्यार्थियों को अनुशासन और नियमितता को जीवन का मूलमंत्र बनाने की सीख दी। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास से ही किसी भी परिस्थिति का सामना कर सफलता की ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है। वहीं, जिला जज बी.के. पाण्डेय ने विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, कर्तव्यनिष्ठा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। विदाई के इस अवसर पर भावुक क्षण भी देखने को मिले। पूरा समारोह उत्साहवर्धक, प्रेरणादायक और भाव-विभोर कर देने वाला रहा।
