थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक, महाशिवरात्रि–रमजान–होली पर सौहार्द बनाए रखने की अपील

महराजगंज

जन प्रहरी न्यूज़ आनन्द कुमार पाण्डेय (सम्पादक)
श्यामदेउरवा (महराजगंज)। थाना क्षेत्र परिसर में आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने की, जबकि क्षेत्राधिकारी जयप्रकाश तिवारी एवं थाना अध्यक्ष अभिषेक सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि आगामी महाशिवरात्रि, रमजान एवं होली पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य काशीनाथ सिंह ने बैठक में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी धर्मों और समुदायों को मिलजुल कर भाईचारे एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी सांस्कृतिक विरासत आपसी प्रेम और एकता की प्रतीक है, जिसे बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।
बैठक में पंकज जयसवाल, मुन्ना सिंह, वीरेंद्र चौधरी, लालजी चौधरी, मनीष कनौजिया, आशिक अली सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
बैठक का समापन आपसी सहयोग और शांति व्यवस्था बनाए रखने के संकल्प के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *