महराजगंज। जन प्रहरी न्यूज़ जनपद में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में थाना साइबर क्राइम एवं थाना श्यामदेउरवां की संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय साइबर गैंग के 05 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त लंबे समय से साइबर अपराधों में संलिप्त थे और देश के विभिन्न राज्यों में सक्रिय नेटवर्क संचालित कर रहे थे। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य सामग्री बरामद की है।
बरामदगी का विवरण इस प्रकार है—
318 एंड्रॉइड मोबाइल फोन (लगभग 80 लाख रुपये कीमत), 110 मोबाइल मदरबोर्ड, 05 मोबाइल फोन, 05 मोटरसाइकिल, नकदी एवं फर्जी बिल/पर्चियां।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह गिरोह संगठित तरीके से साइबर अपराध को अंजाम देता था और लोगों को ठगी का शिकार बनाता था। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
इस सफल कार्रवाई को महराजगंज पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
