तेज रफ्तार का कहर: रोडवेज बस ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंदा, तीनों की मौत

दुर्घटना महराजगंज


महराजगंज।जन प्रहरी न्यूज़ कोठीभार थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में तीनों युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, 13 अप्रैल 2026 को शाम करीब 8:15 बजे सबया चिरैयोकोट पेट्रोल पंप के पास रोडवेज बस और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक बस के नीचे आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में साहिल साहनी पुत्र डोमई, किसन साहनी पुत्र भीखम साहनी निवासी सोनबरसा थाना कोठीभार तथा अमरीश साहनी पुत्र रामजीयावन निवासी टेढ़वा थाना घुघली गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महराजगंज डिपो की बस निचलौल से सिसवा की ओर जा रही थी, जबकि बाइक सवार विपरीत दिशा से आ रहे थे। तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर के कारण हादसा बेहद भीषण हो गया।
घटना की सूचना पर थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं, बस को कब्जे में लेकर चालक लल्लन पुत्र रामाश्रय निवासी भिटौली बाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और हादसे के कारणों की गहन जांच जारी है।
इस हृदय विदारक घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
        

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *