सफाई को लेकर विवाद में सफाईकर्मी से मारपीट, मुकदमा दर्ज

अन्नपूर्णा भवन के समीप नाली सफाई के दौरान हुआ विवाद

सरकारी कर्मचारी पर हमला, सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप

अपराध महराजगंज


महराजगंज जन प्रहरी न्यूज़
नाली की सफाई के दौरान हुए विवाद में एक सफाईकर्मी से मारपीट का मामला सामने आया है। भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिरसिया निवासी इस्ताक अली, जो श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बड़हरा बरईपार में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत हैं, सोमवार को गांव स्थित अन्नपूर्णा भवन के समीप नाली की सफाई कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी हुसैन सफाई को लेकर विवाद करने लगा।
इस्ताक अली के अनुसार पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद हुसैन ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे, लात-घूंसों से मारपीट कर दी तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना में सफाईकर्मी घायल हो गया।
घटना के बाद अन्य सफाईकर्मी भी थाने पहुंच गए और कार्रवाई की मांग की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी हुसैन निवासी श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बड़हरा बरईपार के खिलाफ सरकारी कर्मचारी पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना उपनिरीक्षक चन्द्रपाल यादव को सौंपी गई है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *