महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बासपार कोठी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के मायके पक्ष ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया था।
बताया जा रहा है कि 23 जून को विवाहिता का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला था। घटना की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। मृतका की मां की तहरीर पर श्यामदेउरवा थाने में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को आरोपी पति अच्छेलाल (28 वर्ष) और उसकी मां भुअरी (58 वर्ष) निवासी बासपार कोठी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने तथा उसकी हत्या करने का आरोप है।
पुलिस का कहना है कि मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
