चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
भिटौली/महराजगंज (जनप्रहरी संवाददाता) – घुघली थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में दहेज प्रताड़ना का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता की बेरहमी से पिटाई की और गैलेंडर से काटकर जान से मारने की कोशिश की। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता दुर्गावती ने भिटौली थाने में दी गई तहरीर में बताया कि लगभग तीन वर्ष पूर्व उसका विवाह भिटौली थाना क्षेत्र के राजमंदिर निवासी अखिलेश से हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने का ताना देकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। आए दिन मारपीट की जाती रही और अंततः उसे घर से निकाल दिया गया।
दुर्गावती का आरोप है कि एक दिन पति सहित ससुराल के सभी लोग एकजुट होकर उस पर टूट पड़े और गैलेंडर से काटने का प्रयास किया। किसी तरह जान बचाकर वह वहां से भागने में सफल रही।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति अखिलेश, सास बिंदावती, जेठ दिलीप और जेठानी रेशमा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विधिक जांच की जा रही है।
