बैरिस्टर शिवदयाल चौरसिया की जयंती पर “चलो गांव की ओर” अभियान, पनियरा क्षेत्र के कई गांवों में होगा जनजागरण कार्यक्रम

महराजगंज



जन प्रहरी न्यूज़
महराजगंज,सामाजिक न्याय के पुरोधा, पूर्व राज्यसभा सांसद तथा काका कालेलकर आयोग एवं लोक अदालत के जनक बैरिस्टर शिवदयाल चौरसिया की जयंती के अवसर पर 13 मार्च 2026 दिन शुक्रवार को जनहित किसान पार्टी द्वारा “चलो गांव की ओर” जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक पनियरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आयोजित होगा।
जनहित किसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्यामसुंदर दास ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर वह मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे। पार्टी कार्यकर्ता और नेता पनियरा क्षेत्र के लगभग एक दर्जन से अधिक गांवों में जाकर लोगों को बैरिस्टर शिवदयाल चौरसिया के संघर्षों, सामाजिक न्याय के लिए उनके योगदान तथा उनके आदर्शों के बारे में जागरूक करेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत हसखोरी, महुअवां, खेंचा, इलहाबांस, खजूरिया, बहरामपुर, मसूरगंज, उस्का, कामता बुजुर्ग, लक्ष्मीपुर देऊरवा, महदेइयां, भैंसी और बसहिया बुजुर्ग सहित कई गांवों में जनसंवाद और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में ग्रामीणों को सामाजिक न्याय, समान अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
श्यामसुंदर दास ने बताया कि बैरिस्टर शिवदयाल चौरसिया ने समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनके विचारों और आदर्शों को जीवित रखने के लिए पार्टी द्वारा वर्ष 2005 से देशभर में जनजागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अपील की कि वे कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बैरिस्टर शिवदयाल चौरसिया के विचारों को आगे बढ़ाने और उनके सपनों को साकार करने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *