राखी बांध बहनों ने भाइयों को खिलाई मिठाई, बाजारों में सजीं राखी और मिठाई की दुकानें; दिनभर रहा उत्सव जैसा माहौल

महराजगंज देश

परतावल में धूमधाम से मना रक्षाबंधन, भाई-बहन के प्रेम की डोर हुई मजबूत

परतावल /महाराजगंज । नगर पंचायत परतावल में रक्षाबंधन का पर्व शुक्रवार को हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में त्योहार की तैयारियां शुरू हो गई थीं। बहनों ने भाइयों की कलाई पर प्रेम और विश्वास की डोर राखी बांधी तथा मिठाई खिलाकर उनके सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर हर सुख-दुख में साथ निभाने का संकल्प लिया।

रक्षाबंधन को लेकर पूरे परतावल में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बाजारों में राखियों से सजी दुकानें लोगों को आकर्षित कर रही थीं। वहीं विभिन्न प्रकार की मिठाइयों से सजी दुकानों पर भी दिनभर खरीदारों की भीड़ रही। बहनें अपनी पसंद की राखी और मिठाइयां खरीदने के लिए बाजार पहुंचीं। दुकानदारों ने भी पर्व को देखते हुए विभिन्न डिजाइन और रंगों की राखियों के साथ मिठाइयों की विशेष व्यवस्था की थी।

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य काशीनाथ सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक है। यह पर्व केवल राखी बांधने तक सीमित नहीं है, बल्कि भाई-बहन के बीच जीवनभर प्रेम और एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ निभाने की भावना को मजबूत करता है। भाइयों को इस रिश्ते का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ जीवनभर करना चाहिए।

ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन दिल से बहन के हर सुख-दुख में साथ खड़े रहने का संकल्प लेने वाला पर्व है। बहन अपने भाई की खुशहाली और संकटों से रक्षा की कामना करती है, वहीं भाई भी अपनी बहन की हर परिस्थिति में मदद और सुरक्षा का संकल्प लेता है। भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते का विशेष महत्व है।

रक्षाबंधन के अवसर पर नगर पंचायत क्षेत्र के घरों से लेकर बाजार तक पर्व की खुशियां दिखाई दीं। कहीं बहनों ने भाइयों की आरती उतारकर राखी बांधी तो कहीं मिठाई खिलाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। पूरे क्षेत्र में दिनभर आपसी प्रेम, स्नेह और उल्लास का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *