सावित्री पब्लिक स्कूल के छात्रों ने लहराया सफलता का परचम, IIT-NIT में चयन

महराजगंज

आदर्श का IIT धनबाद, साहिल का IIT-BHU और शास्मित का MNNIT इलाहाबाद में हुआ चयन; विद्यालय में जश्न का माहौल

  परतावल / महराजगंज। सावित्री पब्लिक स्कूल के प्रतिभावान विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में चयन हासिल कर विद्यालय के साथ-साथ जिले का नाम रोशन किया है। विद्यालय के तीन होनहार छात्रों ने देश की कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर IIT और NIT जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त किया है।

विद्यालय के आदर्श कुमार का चयन IIT धनबाद, साहिल राज का चयन IIT-BHU तथा शास्मित जायसवाल का चयन MNNIT इलाहाबाद में हुआ है। छात्रों की इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल बन गया। शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। साथ ही इसमें शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के विश्वास की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक बी.के. पांडे, सहायक निदेशक जया पांडे, प्रधानाचार्या प्रीति पांडे एवं प्रधानाचार्या शैलेंद्री पांडे ने सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी।निदेशक बी.के. पांडे ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सावित्री पब्लिक स्कूल विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता है। छात्रों की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि आदर्श, साहिल और शास्मित भविष्य में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *