जी एस टी 2.0, व्यापारी बीमा योजना और आईटीसी जैसे अहम मुद्दों पर खुलकर हुई चर्चा, अधिकारियों ने दिया त्वरित समाधान का भरोसा
परतावल/महराजगंज।
उत्तर प्रदेश राज्य कर आयुक्त (विधि अनुभाग) के निर्देश पर शुक्रवार को परतावल चौक स्थित ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा की अध्यक्षता में व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मेडिसिन, एफएमसीजी, वुड एवं टिम्बर सहित विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों से जुड़े कारोबारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जीएसटी, विभागीय कार्यप्रणाली तथा व्यापार से जुड़ी समस्याओं और सुझावों को राज्य कर अधिकारियों के समक्ष रखा। संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारिक गतिविधियों को गति देना, जीएसटी 2.0 के प्रस्तावित सुधारों की जानकारी साझा करना, जीएसटी पंजीकरण बढ़ाना तथा मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। अधिकारियों ने कहा कि व्यापारियों और विभाग के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय से न केवल राजस्व में वृद्धि होगी, बल्कि व्यापारियों की समस्याओं का भी त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने सुझाव दिया कि फर्मों की जांच संबंधी कार्रवाई को ‘छापा’ के बजाय ‘सर्वे’ कहा जाए। साथ ही मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना का लाभ प्राकृतिक मृत्यु की स्थिति में भी दिए जाने की मांग उठाई। कारोबारियों ने सर्विस और प्रोडक्ट की संयुक्त बिक्री पर लागू जीएसटी स्लैब तथा कार्यालयों में उपयोग होने वाले एसी, टीवी, कूलर जैसे उपकरणों पर इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) की पात्रता को लेकर भी अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।राज्य कर अधिकारियों ने सभी जिज्ञासाओं को गंभीरता से सुनते हुए नियमों के अनुरूप समाधान एवं आवश्यक मार्गदर्शन देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पारदर्शी, सरल और व्यापारी हितैषी कर व्यवस्था विकसित करना विभाग की प्राथमिकता है।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा ने कहा कि व्यापारी संवाद कार्यक्रम व्यापारियों और विभाग के बीच विश्वास बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे संवाद व्यापारिक हितों की रक्षा के साथ-साथ क्षेत्र के आर्थिक विकास में भी अहम भूमिका निभाएंगे।इस अवसर पर उपयुक्त राज्य कर खंड-1 हरिशंकर प्रसाद, उपयुक्त राज्य कर खंड-3 चन्द्रशेखर वर्मा, सहायक आयुक्त राज्य कर खंड-1 राजेन्द्र सिंह यादव, सहायक आयुक्त राज्य कर खंड-3 गजेन्द्र पाल सिंह, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री रघुनाथ गुप्ता, नगर उपाध्यक्ष संगम लाल श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, नगर उपाध्यक्ष आकाश पटेल, नगर संरक्षक राजकुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
