जन प्रहरी न्यूज़
भिटौली/महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र में दर्ज यौन शोषण के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
जानकारी के अनुसार ग्राम छपिया निवासी शाहबाज खान के विरुद्ध पीड़िता की शिकायत पर 16 फरवरी को भिटौली थाने में यौन शोषण का मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा पंजीकृत होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
मुखबिर की सूचना पर भिटौली पुलिस ने शुक्रवार को दोपहर लगभग 12 बजे भैंसा पुल के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण सिंह, हेड कांस्टेबल संजीव श्रीवास्तव एवं सोनू यादव शामिल रहे। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
