घुघली (महराजगंज)। जन प्रहरी न्यूज़ घुघली थाना क्षेत्र के पुरैना खंडी मुख्य चौराहे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, हरखपूरा टोला मथौली निवासी रामबचन साहनी अपनी पत्नी सुनीता के साथ कपड़ा खरीदने पुरैना चौराहे आए थे। खरीदारी के बाद दोनों घर लौट रहे थे, तभी मद्धेशिया किराना स्टोर के सामने तेज रफ्तार डंपर ने रामबचन को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसका पीछा किया। खुद को घिरता देख चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही एसएसआई राकेश यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।
घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा जा रहा है।
