पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने डीएम को पत्र सौंपकर समाधान की उठाई मांग
जनपद में शादी-विवाह, तिलक उत्सव, मुंडन संस्कार जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान रसोई गैस सिलेंडर की अनुपलब्धता से आम जनमानस को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मांगलिक अवसरों पर अचानक बढ़ी गैस की जरूरत के बीच समय पर सिलेंडर न मिल पाने से लोगों के कार्यक्रम प्रभावित हो रहे हैं, जिससे नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
इसी गंभीर समस्या को लेकर पूर्व जिला पंचायत सदस्य काशी नाथ सिंह ने पहल करते हुए जिला अधिकारी संतोष कुमार शर्मा को एक पत्र सौंपा। अपने पत्र में उन्होंने विस्तार से बताया कि जिले में इन दिनों शादी-विवाह का सीजन चल रहा है, जिसके चलते घरेलू गैस सिलेंडरों की मांग अचानक बढ़ गई है, लेकिन आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है।
उन्होंने कहा कि कई उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिसके कारण उन्हें ब्लैक में महंगे दामों पर गैस खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर है, जहां लोगों को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। इससे न केवल आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, बल्कि धार्मिक आयोजनों की गरिमा भी प्रभावित हो रही है।
काशी नाथ सिंह ने जिला प्रशासन से मांग की कि गैस एजेंसियों की निगरानी बढ़ाई जाए, अतिरिक्त स्टॉक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, मांगलिक कार्यक्रमों के लिए विशेष कोटा निर्धारित करने पर भी विचार किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
इस संबंध में जिला अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे और जल्द ही समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जनता को उम्मीद है कि प्रशासन शीघ्र प्रभावी कदम उठाकर इस समस्या से निजात दिलाएगा, जिससे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो|

