20 से 23 अप्रैल तक भीषण गर्मी का कहर, कई राज्यों में लू का अलर्ट

देश महराजगंज


नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 20 से 23 अप्रैल के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे कई राज्यों में हीटवेव का खतरा बढ़ गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में लू चलने की संभावना है। विशेष रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 से 23 अप्रैल तक हीटवेव का असर देखने को मिलेगा।
वहीं झारखंड में 20-21 अप्रैल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20-22 अप्रैल और पश्चिमी राजस्थान में 20 से 23 अप्रैल तक लू का प्रकोप जारी रह सकता है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 21 से 23 अप्रैल के बीच गर्म हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
छत्तीसगढ़ के रायपुर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने यहां के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और आने वाले दिनों में भी राहत की संभावना कम जताई है।
हालांकि, 23 अप्रैल के बाद एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से कुछ क्षेत्रों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु और तटीय कर्नाटक में 25 अप्रैल तक उमस भरी गर्मी बनी रहेगी, जबकि ओडिशा और हरियाणा के कुछ इलाकों में रातें भी गर्म रह सकती हैं।
वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे वहां के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग की सलाह:
लोगों से अपील की गई है कि वे तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और लू से बचाव के उपाय अपनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *