किशोरियों के स्वास्थ्य जागरूकता हेतु कार्यक्रम आयोजित, सैनिटरी नैपकिन व आयरन गोलियों का वितरण

महराजगंज


परतावल बाजार, 20 अप्रैल 2026
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल के तत्वावधान में सोमवार को श्रीमती पानमती देवी कन्या इंटर कॉलेज, परतावल बाजार में नारी शक्ति बंदन अधिनियम 2023 के अंतर्गत एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन किशोर स्वास्थ्य काउंसलर अनिरुद्ध गुप्ता द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए सैनिटरी नैपकिन, आयरन की गोलियां एवं ओआरएस पाउडर का वितरण किया गया। काउंसलर अनिरुद्ध गुप्ता ने किशोरियों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा स्वच्छता बनाए रखने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कम उम्र में विवाह के दुष्परिणामों पर भी प्रकाश डालते हुए किशोरियों को इसके प्रति सजग रहने और सही उम्र में ही विवाह करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव के उपायों पर भी विस्तृत चर्चा की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में किशोरियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *