परतावल/ महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के पिपरपाती और भुलुही के बीच बुधवार शाम करीब 5 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुशीनगर जनपद के पडरौना निवासी खुरशाद अपनी अपाची मोटरसाइकिल से गोरखपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पिपरपाती और भुलुही के बीच डिवाइडर से मुड़ते समय पीछे से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल ने जोरदार टक्कर मार दी।
दूसरी मोटरसाइकिल पर श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के मोहनापुर निवासी विशाल यादव (पुत्र नवरत्न) सवार थे। उनके साथ राहुल (पुत्र रघुराज) भी मौजूद थे। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने तत्काल उपनिरीक्षक अंजनी कुमार एवं पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल भटहट सीएचसी भेजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है।
