बांस लदी ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से मासूम की मौत, चालक पुलिस के हवाले भिटौली थाना क्षेत्र के डेरवा के डेरिया टोले की है मृतक

दुर्घटना महराजगंज

डेरवा मजार के पास हुई दुर्घटना

भिटौंली/महराजगंज । भिटौली थाना क्षेत्र के तरकुलवा-डेरवा संपर्क मार्ग पर मजार के समीप बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्राली व चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

 

जानकारी के अनुसार, सरफराज अपनी दो वर्षीय बेटी फिजरा को बाइक पर बैठाकर तरकुलवा की ओर से डेरवा आ रहे थे। इसी दौरान डेरवा मजार के पास पीछे से आ रही बांस लदी ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में बाइक आ गई। टक्कर लगते ही बाइक पर आगे बैठी मासूम सड़क पर गिर गई। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।बताया जा रहा हैं कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बांस लदा था और चालक उसे तरकुलवा-तिवारी क्षेत्र से डेरवा की ओर ले जा रहा था।

घटना की सूचना पर सिसवा मुंशी चौकी प्रभारी छोटेलाल गोंड पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने ले गई। चौकी प्रभारी ने बताया कि  ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने पर लाया गया है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। घटना को लेकर गांव में भी शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *