महराजगंज पनियरा ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत जड़ार में रविवार को आध्यात्मिक उल्लास और श्रद्धा के वातावरण के बीच श्रीमद् पावन प्रज्ञा पुराण कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। यज्ञ स्थल से प्रारंभ हुई कलश यात्रा ग्राम सभा के सभी पुरवों से होती हुई जड़ार चौराहे तक पहुँची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।
जड़ार चौराहे पर ग्रामवासी बच्चा पटेल द्वारा कलश यात्रियों का मीठा पानी पिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। पूरा क्षेत्र भक्ति गीतों और जयघोष से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम में शांति कुंज हरिद्वार से पधारे युगदूतों ने मंच से युग संगीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जागरण और नैतिक जीवन मूल्यों की प्रेरणा दी। यह आयोजन युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के सूक्ष्म संरक्षण में तथा माता भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में संपन्न हो रहा है।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य मानव जीवन में दैवी गुणों का विकास, दुर्गुणों का शमन, मानवीय मूल्यों की स्थापना, राष्ट्र जागरण तथा सनातन संस्कृति का उत्थान है। कथा के माध्यम से “मानव में देवत्व का उदय एवं धरती पर स्वर्ग का अवतरण” का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है।
आगामी 9 फरवरी से प्रातः 8 बजे सामूहिक पंचकुंडीय यज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जो लगातार तीन दिनों तक चलेगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग प्राप्त हो रहा है। पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक उत्साह का वातावरण बना हुआ है।
