महराजगंज/परतावल। जन प्रहरी न्यूज़ परतावल विकास खंड के ग्राम प्रधानों ने पंचायतों के कार्यकाल विस्तार की मांग को लेकर आवाज बुलंद कर दी है। ग्राम प्रधान संगठन उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष एजाज खान और जिला उपाध्यक्ष सचिन सिंह के नेतृत्व में शनिवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर इस मुद्दे पर जल्द निर्णय लेने की मांग की।
प्रधानों ने ज्ञापन में बताया कि प्रदेश की त्रिस्तरीय पंचायतों का कार्यकाल 26 मई 2026 को समाप्त हो रहा है। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए समय पर पंचायत चुनाव कराना संभव नहीं लग रहा है। ऐसे में निर्वाचित पंचायतों को भंग कर प्रशासक नियुक्त करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के विपरीत होगा।
उन्होंने अपने पूर्व अनुभवों का हवाला देते हुए कहा कि जब-जब प्रशासकों के माध्यम से कार्य कराया गया, तब पारदर्शिता में कमी, जवाबदेही का अभाव और विकास कार्यों में बाधाएं देखने को मिलीं। इसके विपरीत, जनता द्वारा चुने गए ग्राम प्रधान और पंचायत प्रतिनिधि स्थानीय समस्याओं और आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझते हैं और समाधान करने में सक्षम होते हैं।
प्रधानों ने यह भी उल्लेख किया कि अन्य राज्यों में भी ऐसी परिस्थितियों में निर्वाचित प्रतिनिधियों का कार्यकाल बढ़ाकर लोकतांत्रिक निरंतरता बनाए रखी गई है। उन्होंने विधायक के माध्यम से प्रदेश सरकार से पंचायतों के कार्यकाल विस्तार पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
इस दौरान प्रधान लालजी चौधरी, सुनील कुमार, जुबेर, मनोज कुमार, जमीरुल्लाह, दीनानाथ, बलवंत विश्वकर्मा, शहंशाह, अमित सिंह, रामचंद्र, श्याम पांडेय, सुधाकर समेत कई अन्य प्रधान उपस्थित रहे।

