भिटौली महराजगंज।
भिटौली थाना क्षेत्र के सोहरौना राजा में खेत की सीमा को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। सोहरौना राजा निवासी नाथू चौहान ने पड़ोसी किसानों पर उसकी कृषि भूमि में जबरन घुसकर पत्थर गाड़ने तथा विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित ने थाना भिटौली में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार नाथू चौहान पुत्र रामाश्रय ने बताया कि सोहरौना राजा और तरकुलवा तिवारी की सीमा पर स्थित खाता संख्या 52 की भूमि पर उनका तथा उनके पटीदारों का वर्षों पुराना कब्जा और खेती-बाड़ी है। परिवार की कई पीढ़ियां उक्त भूमि पर खेती करती चली आ रही हैं।
आरोप है कि 10 जून 2026 की सुबह तरकुलवा तिवारी निवासी इम्तियाज खान और रियाज खान जिनके खेत उक्त भूमि से सटे हैं बिना किसी राजस्व अधिकारी की मौजूदगी और बिना पीड़ित की सहमति के खेत में लगभग तीन मीटर अंदर तक घुसकर पत्थर गाड़ दिये । जब नाथू चौहान ने इसका विरोध करते हुए कारण पूछा तो दोनों आरोपी कथित रूप से आक्रोशित हो गए और गाली-गलौज करने लगे।
पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी जिससे वह और उसका परिवार भयभीत है। नाथू चौहान ने प्रशासन से भूमि की पैमाइश कराकर वास्तविक सीमा निर्धारित करने तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
समाधान दिवस में भिटौली थाने में उपस्थित सदर तहसीलदार पंकज शाही ने राजस्व टीम गठित कर मामले का निस्तारण कर सीमा रेखा पर सरकारी पत्थर गाडने का निर्देश दिया।

