महराजगंज। जन प्रहरी न्यूज़ श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के मलमलिया उर्फ सिरसिया निवासी विदेशी प्रसाद ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी से मुलाकात कर प्रार्थना-पत्र सौंपा। उन्होंने पुलिस पर मारपीट, गला दबाने, जान से मारने की धमकी और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल की शिकायत के बाद तहरीर बदलवाकर मुकदमे को कमजोर करने का आरोप लगाया।
विदेशी प्रसाद के मुताबिक, उन्होंने 12 सितंबर को श्यामदेउरवां थाने में घटना की तहरीर दी थी। सुनवाई नहीं होने पर 14 सितंबर को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना-पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। आरोप है कि उसी दिन शाम को परतावल चौकी के हेड कांस्टेबल समीउल्लाह खान ने विपक्षी से मिलीभगत कर उनके प्रार्थना-पत्र में बदलाव कराया। गवाही के नाम पर उनका अंगूठा लगवाकर तहरीर बदल दी गई।
पीड़ित का आरोप है कि वह पढ़ा-लिखा नहीं है और इसी का फायदा उठाकर तहरीर से जातिसूचक शब्द हटा दिए गए, जिससे मुकदमा कमजोर हो गया। उन्होंने एसपी से पूर्व में दिए गए प्रार्थना-पत्र के आधार पर आवश्यक धाराएं बढ़ाने तथा हेड कांस्टेबल के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पीड़ित की बात सुनकर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

