शिवमंदिर के सरोवर में उतराता मिला 42 वर्षीय व्यक्ति का शव, इलाके में मची सनसनी

महराजगंज

लक्ष्मीपुर शिवाला में दो दिन से लापता होने की आशंका, नशे की हालत में सरोवर में गिरने की जताई जा रही आशंका; पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच

भिटौली/महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के शिकारपुर चौकी अंतर्गत लक्ष्मीपुर शिवाला गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शिवमंदिर परिसर स्थित सरोवर में एक व्यक्ति का उतराता हुआ शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सरोवर से निकलवाकर कब्जे में लिया और अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

मृतक की पहचान गोरखपुर जनपद के गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल सखनी गांव निवासी सुभाष गुप्ता (42) पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई। बताया जाता है कि वह लंबे समय से लक्ष्मीपुर शिवाला और आसपास के गांवों में घूमकर मजदूरी व भिक्षाटन से अपना गुजर-बसर करता था। शाम होने पर वह शिवमंदिर परिसर स्थित यज्ञ मंडप में ही सो जाता था।

ग्रामीणों के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 9:54 बजे गांव की सुशीला गिरी मंदिर परिसर स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं। इसी दौरान उनकी नजर सरोवर में उतराती एक आकृति पर पड़ी। पहले उन्हें वह पुतला लगा, लेकिन करीब जाने पर शव होने की जानकारी हुई। सरोवर की सीढ़ियों पर सफेद टी-शर्ट और भूरे रंग की चप्पल भी मिली। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी।

ग्रामीणों ने बताया कि मृतक शराब का आदी था। आशंका जताई जा रही है कि वह नशे की हालत में दो दिन पूर्व सरोवर में गिर गया होगा, जिससे डूबने के कारण उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

ग्राम प्रधान कृष्णमोहन पटेल की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भिटौली सत्येंद्र कुमार राय, शिकारपुर चौकी प्रभारी एवं उपनिरीक्षक अभिजीत राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों में मां सत्ती देवी, बड़े भाई राजू गुप्ता, भाभी पुष्पा देवी सहित अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *