जन प्रहरी न्यूज़
गोरखपुर/महराजगंज
जालसाजी के एक मामले में दबिश देकर लौट रही रामगढ़ताल थाना की पुलिस टीम मंगलवार भोर भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कतरारी इलाके में पुलिस की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर पर चढ़ी और फिर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में दारोगा संतोष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एसएसआई, महिला दारोगा समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टीम सोमवार देर रात महराजगंज में दबिश देने गई थी। तड़के करीब पांच बजे लौटते समय हादसा हो गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आने से वाहन का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर पार कर पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही एसपी सिटी अभिनव त्यागी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है।
हादसे में जान गंवाने वाले दारोगा संतोष कुमार मूल रूप से सिवान (बिहार) के असांव स्थित सहसरांव गांव के निवासी थे। वर्तमान में उनकी तैनाती रामगढ़ताल थाने में थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन गोरखपुर के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
